भोपालमध्य प्रदेशराज्यलोकल न्यूज़

विश्वास कैलाश सारंग ने रहवासियों के साथ खेली फूलों की होली

नरेला विधानसभा अंतर्गत सम्राट अशोक मंडल में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन

भोपाल: 12 मार्च 2026

रंगोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार को नरेला विधानसभा अंतर्गत सम्राट अशोक मंडल में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

मंत्री सारंग ने क्षेत्रवासियों के साथ फूलों की होली खेली तथा पारंपरिक होली गीतों और फाग की मधुर धुनों का आनंद लिया। उनके आत्मीय और स्नेहमय व्यवहार से कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर अपने संबोधन में सारंग ने कहा कि होली केवल रंगों और उमंग का पर्व नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता, प्रेम और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का प्रतीक भी है। यह पर्व समाज में एकता, सकारात्मकता और सद्भावना का संदेश देता है तथा सभी को मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नरेला विधानसभा में सभी त्योहार पूरे उत्साह, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाए जाते हैं, जो क्षेत्र की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाता है।

रहवासियों ने किया मंत्री सारंग का भव्य स्वागत

होली मिलन समारोह के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने मंत्री सारंग का गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पुष्पवर्षा, ढोल-ताशों और आतिशबाजी के साथ उत्सव का माहौल और भी आनंदमय हो गया। क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री श्री सारंग के साथ मिलकर होली खेली तथा फाग गीतों के साथ इस पर्व की खुशियां साझा कीं।

राधा-कृष्ण झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण की झांकी और रासलीला की मनोहारी प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इसके साथ ही कलाकारों ने पारंपरिक भजनों, लोकगीतों और होली से जुड़े नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे समारोह का वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बन गया। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।

सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बन चुका है होली मिलन समारोह

उल्लेखनीय है कि नरेला विधानसभा में प्रतिवर्ष पारंपरिक रूप से होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक समरसता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!