भोपालमध्य प्रदेशमप्र सरकारराज्य

पूरे देश में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को दिया जा रहा है बढ़ावा – कृषि मंत्री कंषाना

जैविक खेती पोर्टल से जुड़ चुके हैं 6 लाख किसान

भोपाल: 22 अगस्त 2025

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि भारत सरकार का जैविक खेती पोर्टल अब तक 6 लाख किसानों को जोड़ चुका है, जिसका उद्देश्य किसानों को उनके जैविक उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराना है। इकोवा संस्था ने पिछले 21 वर्षों में करीब 3 लाख किसानों को प्रशिक्षण और उत्पाद प्रमाणीकरण से जोड़ा है। मंत्री श्री कंषाना भोपाल में सायाजी होटल में आयोजित इंटरनेशनल कॉम्पिटेंस सेंटर फॉर ऑर्गेनिक एग्रीकल्चर (इकोवा) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में किसानों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश और कर्नाटक से आए किसान भाई-बहन शामिल हुए।

कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि यह आयोजन भारत सरकार की परम्परागत कृषि विकास योजना के अंतर्गत किया गया है, जिसके तहत पूरे देश में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 25 लाख किसानों को 15 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में लाभ मिल रहा है। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लगभग 7.5 लाख किसान ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं।

कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि यह कार्यक्रम किसानों और विक्रेताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने वाला मंच है, जिससे मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के किसानों को लाभ मिलेगा। श्री कंषाना ने कहा कि यह पहल किसानों को न केवल जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करती है बल्कि उन्हें बेहतर बाजार और उचित मूल्य दिलाने की दिशा में भी एक मजबूत कदम है।

कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि मैं किसान हूं, मुझे पता है कि फसलों में कितना खाद डालना चाहिए। हमारे किसान भाई अधिक लाभ कमाने के लिये अधिक मात्रा में खाद का उपयोग कर रहे हैं जिससे हमारे स्वास्थ पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। पहले हम घरों में गाय-भैंस पालते थे, उस समय अधिक शुद्धता देखने को मिलती थी। इसलिए खेती के साथ पशुपालन को भी बढ़ावा देना आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!