मंडल रेल प्रबंधक ने भोपाल रेलवे स्टेशन स्थित रनिंग रूम एवं मंडल रेल चिकित्सालय का किया निरीक्षण
क्रू सदस्यों, रोगियों एवं चिकित्सा स्टाफ से किया संवाद

भोपाल: 22 अगस्त 2025
पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी ने आज भोपाल स्टेशन स्थित रनिंग रूम तथा निशातपुरा स्थित मंडल रेल चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों, विश्राम व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं एवं आधारभूत सुविधाओं की गुणवत्ता का आकलन करना था।
निशातपुरा के मंडल रेल चिकित्सालय में मंडल रेल प्रबंधक ने भर्ती रोगियों एवं चिकित्सा स्टाफ से संवाद स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और उनकी गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ओपीडी, वार्ड, फार्मेसी, डायग्नोस्टिक सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर, समयबद्ध और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके उपरांत भोपाल स्टेशन स्थित रनिंग रूम का निरीक्षण करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने ड्यूटी पर तैनात लोको पायलटों एवं गार्ड्स से मुलाकात कर उनकी ड्यूटी समयसारिणी, विश्राम कक्षों की स्थिति, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रनिंग स्टाफ को तनावमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जाए ताकि वे संरक्षा मानकों के अनुरूप दक्षता और एकाग्रता के साथ कार्य कर सकें।
इस निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) श्री संजय मानोरिया, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (टीआरओ) श्री सचिन शर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (मुख्यालय) श्री श्याम नागर सहित विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।