स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत सेमिनार का आयोजन

भोपाल/कोटा: 18 सितम्बर 2025
पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल द्वारा “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य व जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुपर्णा सेन रॉय के निर्देशन में सरस्वती बाल मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में किशोर लड़कियों के लिए एक जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया।
सेमिनार में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा सलूजा ने किशोरावस्था में शरीर में होने वाले परिवर्तनों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना, संतुलित खानपान पर ध्यान देना, नियमित व्यायाम करना और अधिक परेशानी होने पर चिकित्सक की सलाह लेना आवश्यक है।
इसी क्रम में डॉ. मनीषा शर्मा ने किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि मासिक धर्म को लेकर समाज में व्याप्त अनेक भ्रांतियां और अंधविश्वास पूरी तरह निराधार हैं। मासिक धर्म के दिनों में किसी भी प्रकार की अपवित्रता नहीं आती, बल्कि यह मातृत्व की पहली सीढ़ी है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में भी महिलाएं सामान्य दिनों की तरह सभी कार्य कर सकती हैं।
रेल प्रशासन द्वारा ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ाना, अंधविश्वासों को दूर करना तथा स्वस्थ नारी के माध्यम से सशक्त परिवार और समाज का निर्माण करना है।