“सेवा पर्व पखवाड़ा” के अंतर्गत प्रदेश में होगी सांस्कृतिक गतिविधियां- धर्मेंद्र सिंह लोधी
राज्य मंत्री लोधी ने मंत्रालय में की आयोजन की समीक्षा

भोपाल: 10 सितंबर 2025
संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश में “सेवा पर्व पखवाड़ा” का आयोजन 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत पूरे प्रदेश में सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएगी। राज्य मंत्री श्री लोधी ने मंत्रालय में पखवाड़ा के तहत की जाने वाली गतिविधियों के आयोजनों की समीक्षा की।
सेवा पर्व पखवाड़ा के तहत् मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में विकसित भारत संकल्पना पर केंद्रित गतिविधियां की जाएगी। राज्य मंत्री श्री लोधी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभाग व जिला मुख्यालयों पर विभाग द्वारा होने वाले आयोजन की विस्तृत कार्य योजना तैयार करें। गतिविधियों में अधिक से अधिक संख्या में लोगों को भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। विभाग द्वारा की जाने वाली गतिविधियों में प्रमुख रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत कार्यशाला/प्रस्तुति, पेंटिंग कार्यशाला/प्रतियोगिता, चित्र प्रदर्शनी एवं रचनापाठ किया जाना शामिल है।
बैठक में संस्कृति विभाग के उपसचिव श्री जगदीश गोमे, संचालक संस्कृति विभाग श्री एन. पी. नामदेव, आयुक्त पुरातत्व अभिलेखागार और संग्रहालय श्रीमती उर्मिला शुक्ला, उपनिदेशक स्वराज संस्थान संचालनालय श्री संतोष कुमार वर्मा, राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय ग्वालियर की कुलगुरु, सांची बौद्ध विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं विभिन्न अकादमियों के निदेशक उपस्थित रहे।