भोपालमध्य प्रदेशमप्र सरकारराजनीतिराज्य

लव जिहाद के खिलाफ लड़ाई को समर्पित होगा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग का नरेला रक्षाबंधन महोत्सव

विश्वास विजय वाहिनी की महिलाएं चलाएंगी घर-घर जन जागरण अभियान

भोपाल: 10 अगस्त 2025

रक्षाबंधन महोत्सव में शामिल होने वाली बहनें लेंगी लव जिहाद के खिलाफ लड़ाई का संकल्प, 11 से 20 अगस्त तक होगा आयोजन

विश्व का सबसे बड़ा रक्षाबंधन महोत्सव ‘नरेला रक्षाबंधन महोत्सव’ इस वर्ष लव जिहाद के विरुद्ध लड़ाई को समर्पित होगा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नरेला विधानसभा सहित भोपाल की लाखों बहनें नरेला रक्षाबंधन महोत्सव में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग को राखी बांधेंगी। लव जिहाद के खिलाफ लड़ाई को समर्पित यह महोत्सव 11 अगस्त से शुरू होकर 20 अगस्त तक चलेगा। नरेला विधानसभा और भोपाल के अन्य क्षेत्रों की लाखों बहनें मंत्री श्री सारंग की कलाई पर राखी बांधने के साथ ही लव जिहाद के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई का संकल्प भी लेंगी। इस दौरान विश्वास विजय वाहिनी की महिलाएं लव जिहाद के खिलाफ घर-घर जन जागरूकता अभियान भी चलाएंगी।

*लव जिहाद के खिलाफ लड़ाई को समर्पित होगा नरेला रक्षाबंधन महोत्सव*

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार मध्यप्रदेश धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 2021 के तहत राज्य में गैरकानूनी धर्मांतरण पर सख्ती से रोक लगाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन की आड़ में किसी भी बहन-बेटी को धोखे या छल से फंसने नहीं दिया जाएगा। इसी संकल्प के साथ इस वर्ष का नरेला रक्षाबंधन महोत्सव लव जिहाद के खिलाफ लड़ाई की मुहिम के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए नरेला विधानसभा में गठित विश्वास विजय वाहिनी की महिलाएं मोहल्लों और कॉलोनियों में घर-घर जाकर जनजागरूकता अभियान चलाएंगी।

*विश्वास विजय वाहिनी लव जिहाद के खिलाफ चलाएगी अभियान*

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि 11 से 20 अगस्त तक रक्षाबंधन महोत्सव के दौरान ‘विश्वास विजय वाहिनी’ की महिलाएं घर-घर जाकर जनजागरण अभियान चलाएंगी। इस अभियान के तहत लोगों विशेषकर लड़कियों और महिलाओं को लव जिहाद के बारे में जागरूक किया जाएगा, कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी और पीड़ित परिवारों को कानूनी सलाह की व्यवस्था भी की जाएगी।

*मायके जैसा माहौल, सामाजिक संदेश के साथ*

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि रक्षाबंधन महोत्सव में बहनों को मायके जैसा स्नेह और अपनापन देने के लिए सावन के गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, झूले, मेहंदी और चूड़ियों के स्टॉल जैसे आकर्षण होंगे। वहीं इस बार ‘लव जिहाद के खिलाफ बहनों का संकल्प और समाज की सुरक्षा के लिए जनजागरण’ के सशक्त सामाजिक संदेश को भी जोड़ा गया है।

*17 वर्षों की परंपरा और नया संकल्प*

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि नरेला रक्षाबंधन महोत्सव का यह 17वां वर्ष है। यह केवल रक्षासूत्र बांधने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान का एक आंदोलन बन चुका है। इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से लव जिहाद के खिलाफ लड़ाई का प्रतीक होगा। उल्लेखनीय है कि विगत 16 वर्षों से यह महोत्सव नरेला विधानसभा में आयोजित किया जा रहा है। जो विश्व रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है।

*लाखों बहनों ने करवाया पंजीयन*

सोमवार को दोपहर 1 बजे नरेला विधानसभा अंतर्गत वार्ड 44 सुभाष नगर खेल मैदान एवं दोपहर 3 बजे वार्ड 38 एकतापुरी दशहरा मैदान से रक्षाबंधन महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया जायेगा। नरेला विधानसभा के सभी 17 वार्डों में इस महोत्सव का आयोजन होगा। इस बार आयोजन से पहले ही लाखों बहनों का ऑफलाइन और ऑनलाइन पंजीयन हो चुका है। पिछले वर्ष 1 लाख 82 हजार 529 बहनों ने मंत्री श्री सारंग को राखी बांधकर रिकॉर्ड बनाया था, और इस वर्ष यह आंकड़ा तोड़ने की पूरी संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!