खाद संकट से नाराज किसानों ने किया हाईवे जाम, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

भोपाल: 23 जुलाई 2025
सागर देवरी क्षेत्र में यूरिया और डीएपी खाद की भारी किल्लत को लेकर किसानों का आक्रोश मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। दोपहर के समय सैकड़ों किसानों ने नेशनल हाईवे-44 स्थित सिलारी चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान किसानों ने ‘खाद दो, खाद दो’ के नारे लगाए।
देवरी क्षेत्र के किसान पिछले दो महीनों से खाद की कमी से जूझ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद भी प्रशासन खाद उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों पर संकट मंडरा रहा है।
जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों यात्री वाहन और मालवाहक ट्रक फंस गए, जिससे लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर देवरी एसडीएम मुनव्वर खान, एसडीओपी शशिकांत सरयाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से समझाइश की कोशिश की, लेकिन किसान खाद की मांग पर अड़े रहे।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग कर किसानों को सड़क से हटाया और जाम खुलवाया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। नाराज़ किसानों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की।
पुलिस थाने से बंट रहे टोकन, किसानों में आक्रोश
खाद के टोकन पाने के लिए पुलिस थाने में किसानों की भारी भीड़ जमा हो रही है। किसान आरोप लगा रहे हैं कि गोदाम में खाद उपलब्ध नहीं है, फिर भी टोकन बांटे जा रहे हैं। इससे किसानों में और अधिक नाराज़गी बढ़ रही है। ग्राम सिंगपुर के किसान मुकेश राजपूत ने आरोप लगाया कि उन्हें एसडीएम द्वारा धमकाया गया। उन्होंने कहा कि यदि चक्काजाम समाप्त नहीं किया तो जेल में डालने की धमकी दी गई। किसानों ने प्रशासन पर टोकन वितरण में पारदर्शिता न होने का आरोप लगाया।
मक्के की रिकॉर्ड बुआई, खाद का गहराता संकट
देवरी क्षेत्र में इस वर्ष रिकॉर्ड 25,000 हेक्टेयर में मक्का की बुआई हुई है। इस समय फसल को यूरिया और डीएपी खाद की सर्वाधिक आवश्यकता है। बावजूद इसके प्रशासन अब तक किसानों की मांग के अनुसार केवल 10% खाद ही उपलब्ध करवा सका है। वहीं निजी दुकानों पर खाद कई गुना महंगे दामों में बेची जा रही है। किसानों के अनुसार उन्हें डीएपी की एक बोरी 2000 रुपए और यूरिया 550 रुपए में खरीदनी पड़ रही है, जो सरकारी दरों से कहीं अधिक है।