मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सांची एवं विदिशा स्टेशनों सहित समपार फाटकों का निरीक्षण
समपार फाटक, रेलवे लाइन, यार्ड एवं अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की हुई गहन समीक्षा

भोपाल: 19 जुलाई 2025
पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री देवाशीष त्रिपाठी द्वारा शनिवार 19 जुलाई को सांची,विदिशा स्टेशन का निरीक्षण कर संरक्षा, आधारभूत ढांचे एवं यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समपार फाटक, जलभराव प्रभावित स्थल, अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन स्टेशन परिसर एवं यार्ड संरचनाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।
निरीक्षण के प्रथम चरण में समपार फाटक संख्या 255 पर पहुँचे श्री त्रिपाठी ने फाटक की कार्यप्रणाली, सतर्कता मानकों एवं गेट संचालन की प्रणाली का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने वहाँ ड्यूटी पर तैनात गेटमैन से संवाद कर ड्यूटी से जुड़ी संचालन व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने लो हाइट सबवे (आरयूबी) संख्या 270 का भी निरीक्षण किया, जहाँ मॉनसून के दौरान जलभराव की शिकायतें सामने आई थीं। मंडल रेल प्रबंधक ने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर जल निकासी की व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारने हेतु उपायों पर मंथन किया एवं शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अगले चरण में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे सांची रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया गया। श्री त्रिपाठी ने निर्माणाधीन स्टेशन परिसर की प्रगति की समीक्षा की एवं यात्री सुविधाओं जैसे प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, शौचालय, बुकिंग काउंटर एवं अन्य संरचनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विदिशा स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने संरक्षा पहलुओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने यार्ड क्षेत्र में प्वाइंट, लाइन, ट्रैक एवं अन्य संरचनात्मक तत्वों की स्थिति की गहन समीक्षा की तथा संरक्षा मानकों के अनुपालन की पुष्टि की। निरीक्षण के दौरान ट्रैक अनुरक्षण से संबंधित तकनीकी दस्तावेजों, लॉगबुक एवं दैनिक निगरानी रिपोर्ट्स की भी जांच की गई।
इस निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता (मध्य) श्री के. के. निगम, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) श्री संजय मानोरिया सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
निरीक्षण के उपरांत श्री त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मॉनसून अवधि में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल निकासी, ट्रैक अनुरक्षण एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित सभी कार्यों को शीघ्र एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण किया जाए।